हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के पंचमपुरवा मजरा एड़ा में चोरों ने एक मकान का निशाना बना लिया। बेटी की शादी के लिए रखे चार लाख रुपये और सोने के जेवर चोरों ने पार कर दिए। पंचमपुरवा निवासी अवधेश शुक्रवार की रात लखीमपुर में एक शादी में शामिल होने गए थे। उनकी पत्नी मायके में एक शादी समारोह में गई थीं। घर में उनकी दो पुत्रियां थीं। अवधेश के मुताबिक रात में लगभग 12 बजे मकान के पीछे की तरफ से छत के रास्ते चोर घर में घुस आए। कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। बेटी की शादी के लिए रखे चार लाख रुपये, सोने के एक जोड़ी टप्स, झाले और अंगूठी चोरों ने चोरी कर ली। शनिवार शाम घर आने पर थाने पहुंचे अवधेश ने पुलिस को जानकारी दी। थानाध्यक्ष अरवल श्रीप्रकाश ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। (संवाद)