गांधी भवन में बसपा भाईचारा सम्मेलन में मंचासीन राज्यसभा सांसद व जोनल कोआर्डिनेटर डा. अशोक सिद्धार्थ, मुख्य जोनल कोआर्डिनेटर
- फोटो : amarujala
हरदोई। प्रधानमंत्री मोदी का भीम एप दलितों को बसपा से तोड़ नहीं पाएगा। भाजपा ने दलितों के हित में कोई काम नहीं किया है। सपा और कांग्रेस ने भी दलितों को केवल ठगने का ही काम किया है। ये बात बसपा के भाईचारा सम्मेलन में पार्टी के जोनल को-आर्डिनेटर और सांसद अशोक सिद्धार्थ ने कही।
शहर के गांधी भवन मैदान पर रविवार को बसपा ने भाईचारा सम्मेलन आयोजित किया। इसमें जिले भर से लोग पहुंचे थे। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ ने कहा कि आधी अधूरी तैयारी के साथ नोटबंदी का फैसला लेकर केंद्र सरकार ने पूरे देश को लाइन में खड़े होने को विवश कर दिया।
भाजपा ने कभी भी दलित समाज को सम्मान नहीं दिया। चुनावी राजनीति करते हुए अब भाजपा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नाम से एप्प बनाकर दलित समाज को भ्रमित करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने सपा पर भी हमला बोलते हुए कहा कि सपा ने हाईस्कूल पास करने वालों को टेबलेट देने का वायदा किया था लेकिन वह वायदा भी सपा पूरा नहीं कर सकी। मुख्य जोनल कोआर्डिनेटर श्रवण कुमार गौतम ने कांग्रेस, सपा व भाजपा को दलित विरोधी बताते हुए कहा कि 17 पिछड़ी जातियों को दलित वर्ग में शामिल करने के नाम पर सपा समाज को धोखा दे रही है। संचालन बसपा जिलाध्यक्ष अमर सिंह ने किया। इस मौके पर अनुपम दुबे, धर्मवीर सिंह पन्ने, पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू, राधेश्याम वर्मा, रामलली आदि मौजूद रहीं।