पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंडरवा किला निवासी लापता युवक का शव शनिवार सुबह 24 घंटे बाद गांव से दो किलोमीटर दूर नहर पटरी किनारे खाई में पड़ा मिला। परिजनों ने हादसे की आशंका जताई है।
पंडरवा किला निवासी उमेश (18) पुत्र राजेश बाल्मीकि शुक्रवार सुबह घर से सूअर चराने के लिए निकला था। इसके बाद वह दोपहर तक नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने यूपी 112 को इसकी सूचना दी। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर निपनिया गांव के पास नहर पटरी के दूसरी ओर खाई में भरे पानी में उमेश का शव उतराते देखा।
उमेश पांच भाई बहनों में सबसे बड़ा था। परिजनों ने पैर फिसलने से उसके खाई में गिरकर डूबने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।