हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के बरसोइया गांव में पांच दिन पूर्व लापता बालिका का क्षतविक्षत शव रविवार को गांव के बाहर गेहूं के खेत में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने से बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। परिजन घटना की वजह नहीं बता पा रहे हैं।
गांव निवासी सुखलाल 22 मार्च को खेत पर गया था। पीछे से उसकी बेटी नैंनसी (3) भी खेत पर पहुंच गई थी। पिता सुखलाल के मुताबिक खेत के पास ही बच्ची खेल रहे थी, तभी वह लापता हो गई। बच्ची के अपहरण की आशंका पर परिजनों ने 23 मार्च को लोनार थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
गांव निवासी सोने लाल रविवार को खेत पर गेहूं काटने गया था। खेत से उसे बदबू आई और कुत्ते भौंक रहे थे। इस पर वह मौके पर पहुंचा। खेत में नैंनशी की क्षतविक्षत लाश पड़ी थी। कुत्ते शव को नोच रहे थे। कुत्तों को भगाकर सुखलाल को सूचना दी।
बालिका का शव मिलने की खबर पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। कुत्ते, बालिका के शरीर का काफी हिस्सा खा चुके थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया।
बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। पिता का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। एसओ एके राय ने बताया कि जांच के लिए बिसरा लखनऊ के विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जांच रिपोर्ट में ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।