हरदोई। तीन साल पहले लगवाए गए खड़ंजा और हैंडपंप मरम्मत के नाम पर 3.98 लाख रुपये की गड़बड़ी की गई है।
लोकायुक्त जांच में भुगतान की पुष्टि पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने प्रधान और पंचायत सचिव को नोटिस दिया है। सांडी की ग्राम पंचायत बेहटाहारी की प्रधान और पंचायत सचिव से साक्ष्य सहित जवाब मांगे हैं। चेतावनी दी है कि संतोषजनक और समय से जवाब न आने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह नोटिस पूर्व प्रधान मायावती के लोकायुक्त परिवाद की जांच में मिली गड़बड़ी पर दी है। बताया कि बेहटाहारी की प्रधान मायादेवी और पंचायत सचिव राकेश कुमार से जवाब मांगा गया है। प्रधान को चेतावनी दी गई है कि जवाब संतोषजनक और साक्ष्य समेत न होने पर पंचायतीराज अधिनियम में कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि मामले की जांच जिला विकास अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी से कराई गई थी। पूर्व प्रधान मायावती ने परिवाद में कहा कि रिजेक्ट वाउचर के भुगतान के साथ ही खड़ंजा और हैंडपंप मरम्मत के नाम से भुगतान निकाला गया है। जांच रिपोर्ट में कहा गया कि ग्राम पंचायत बेहटाहारी में सतेंद्र के मकान से रामपाल के मकान तक खड़ंजा लगवाने के लिए दो लाख, 45 हजार, 044 रुपये का भुगतान निकाला गया है।
रमेश के मकान से तेजपाल के मकान तक खड़ंजा के लिए 90 हजार, 710 रुपये और हैंडपंप मरम्मत के नाम पर 63 हजार रुपये का भुगतान निकाला गया है। ग्रामीणों ने बताया कि खड़ंजा करीब तीन साल पहले पूर्व प्रधान ने लगवाया था। प्रधान ने हैंडपंप मरम्मत के बिल-वाउचर न होने की जानकारी दी।