संडीला। लखनऊ स्थित रजबहा से निकलकर बेगमगंज, आलमपुर, खखरा होते हुए सांक के मजरा गोलागंज तक जाने वाली 10 किलोमीटर लंबी सांक माइनर में वर्षों से टेल तक पानी नही पहुंचा। माइनर की कभी सफाई नहीं हुई।
इस माइनर के किनारे पड़ने वाले काश्तकारों के पास बीघा दो बीघा से अधिक जमीन नहीं है। माइनर में पानी न होने के कारण आसपास के किसानों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
किसान राम भरोसे, दीनदयाल, परशुराम, महेश आदि ने बताया कि इस माइनर की सही तरह से सफाई न हो पाने के कारण लखनऊ रजबहा से इस माइनर में आने वाला पानी मात्र एक दो किलोमीटर पर आलमपुर गांव के पहले ही रुक जाता है। उसके आगे एक बूंद भी पानी टेल तक नहीं पहुंचता।
गोलागंज गांव तक यह माइनर जाती है परंतु खखरा व गोलागंज तक इस माइनर में पानी ही नहीं जाता। बताते हैं कि आज से करीब तीन दशक पूर्व इस माइनर में स्वच्छ पानी का प्रवाह होता था।
माइनर भी पूरी तरह से मजबूत व दुरुस्त रहती थी परंतु वर्षों से इस माइनर की मरम्मत न होने के कारण इसका बुरा हाल है। एसडीएम अशोक प्रताप सिंह ने बताया कि माइनर में पानी क्यों नहीं आ रहा है इसकी जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।