शाहाबाद। क्षेत्र में बिना अनुमति के मिट्टी खनन जोरों पर हो रहा है। थाना मंझिला के पारा गांव में रात में होने वाला खनन कई रात से जारी था। शनिवार रात पुलिस ने छापा मारा। मौके से दो ट्रैक्टर, एक ट्रॉली और एक रीपर मशीन पकड़ी जबकि एक ट्रैक्टर लेकर आरोपी भाग गया। खेत मालिक सहित तीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
क्षेत्र के पारा गांव में करीब चार रात से मशीन से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। इसकी जानकारी पर सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण को लगी। उन्होंने बिना अनुमति के खनन को रंगे हाथों पकड़ने की कार्ययोजना बनाई। सहायक पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना मझिला पुलिस ने पारा गांव में छापा मारा, बिना अनुमति के मिट्टी का खनन होते मिला। पुलिस को मौके पर खनन कर रहे दो ट्रैक्टर, एक ट्रॉली और एक रीपर मशीन मिली है। पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। एक ट्रैक्टर लेकर राहुल अवस्थी भाग गया।
लेखपाल राजीव मिश्रा ने बताया कि पारा गांव में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। रामचरण के खेत में बीती चार रात से बिना अनुमति के मिट्टी का खनन किया जा रहा था। मौके पर जांच में 65 मीटर गुणा 10 मीटर गुणा 12 मीटर के आयताकार क्षेत्रफल में करीब 39 घन मीटर मिट्टी का खनन किया गया। थानाध्यक्ष सतेंद्र सिंह ने बताया कि भूमि स्वामी रामचरण, राहुल अवस्थी और आकाश मिश्रा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। बिना अनुमति खनन की रिपोर्ट प्रशासन को भी भेजी गई है।