सूरज के कड़क तेवरों ने पिछले काफी दिनों से जनजीवन पूरी तरह से अस्त
व्यस्त कर रखा है। दिन की गर्माहट के बाद जहां लोगाें को रात में कुछ सुकून
मिलता था, वहीं अब रातों ने भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। 31.5
डिग्री सेल्सियस पहुंचे रात में पारे ने अब लोगों का पूरी तरह से सकून छीन
लिया है।
और तो और लोगों को रुलाने में पछुआ भी कोई कोर कसर नहीं छोड़
रही है। पिछले कुछ दिनों से 43 से 45 डिग्री के आसपास चल रहे पारे से तपती
दोपहरी से परेशान रहे लोगों को गुरुवार के दिन भी कोई खास राहत मिलती नहीं
दिखाई दी।
कुछ देरी की बदली छाने के बाद पारा एक दो डिग्री नीचे तो आया पर
दस किलोमीटर की रफ्तार से पछुआ हवाओं ने वातावरण में उमस बना दी। जिससे लोग
उमस से परेशान हुए। बदली छाए रहने से पारा गिरकर 42 डिग्री पर आ गया, पर
पछुआ हवाओं से बनी उमस से लोग देर शाम तक पसीना पसीना रहे।
ज्ञात हो कि
तपती दोपहरी से परेशान लोग अब बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं, पर बारिश नहीं
हो रही है। इस बाबत मौसम वैज्ञानिक जयशंकर मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को
अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 31.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। इसमें
रात का तापमान पिछले दिनों की अपेक्षा प्रतिदिन बढ़ता दिखाई दे रहा है।