हरदोई। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोतवाली क्षेत्र में जहानीखेड़ा के पास कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सोमवार सुबह घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसिगवां से शाहजहांपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
सीतापुर जनपद के महोली कोतवाली क्षेत्र के सनसरा मजरा नेरी निवासी खुशनूर मोहम्मद (30) अजबापुर चीनी मिल में हेल्पर के पद पर तैनात थे। ग्राम प्रधान नूर हसन ने बताया कि रविवार रात खुशनूर ड्यूटी कर बाइक से अजबापुर चीनी मिल से गांव जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर फौजी ढाबा के पास पीछे से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से खुशनूर बीस मीटर तक बाइक समेत घिसटते चले गए। एनएचएआई की टीम ने जहानीखेड़ा चौकी पुलिस की मदद से खुशनूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसिगवां भेजा। यहां से उन्हें शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया। शाहजहांपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम शाहजहांपुर में हुआ है। परिजन अगर कोई शिकायत देंगे तो कार्रवाई की जाएगी।