पशु पालन विभाग ने निदेशालय से अनुमति मिलने के बाद जिले में 30 माइक्रो कामधेनु को लेकर आवेदन मांगे थे जिसमें 30 के सापेक्ष 60 आवेदकों ने आवेदन किए। इन आवेदनों में 21 को चयनित कर लिया गया लेकिन शेष 39 आवेदक मांगी गई अर्हता को ही पूरा करने में विफल रहे जिसके बाद विभाग को इन सारे आवेदनों को निरस्त करना पड़ा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. जेएन पांडे ने बताया कि अब नौ माइक्रो कामधेनु डेयरी रिक्त हैं। जिनको लेकर आवेदन मांगे गए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में किए गए आवेदनों में आवेदक या तो जमीन पूरी नहीं दिखा पाए। या फिर मार्जिन मनी अपने एकाउंट में नहीं दर्शा पाए।
जिसके कारण उनके आवेदनों को निरस्त कर दिया गया। इन आवेदनों में उनके आवेदन भी निरस्त किए गए जो पूर्व से ही बैंकों के बकाएदार हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन फिर से मांगे जा रहे हैं। आवेदक सारी मांगी गई अर्हताओं को पूरा करके ही आवेदन करें। अधिक जानकारी के लिए पशुपालन विभाग में भी जानकारी कर सकते हैं।