भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के सामने मजदूर ने यूकेलिप्टस के पेड़ पर शर्ट से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक के पारिवारिक भतीजे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
लखनऊ के माल थाना क्षेत्र अंतर्गत खखरा मजरा अदमापुर निवासी रज्जन (35) मजदूरी करते थे। हर वर्ष चार माह के लिए वह अतरौली थाना क्षेत्र के चत्तुरखेड़ा स्थित ईंट भट्ठे पर परिवार समेत मजदूरी करने आते थे। उनके पारिवारिक भतीजे राकेश ने बताया कि रज्जन पिछले तीन माह से मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे। इस कारण वह रात में उठकर बिना कुछ बताए इधर-उधर चले जाते थे।
दावा है कि मंगलवार रात रज्जन घर में अकेले थे। पत्नी कांती अपने तीन बच्चों के साथ काकोरी थाना क्षेत्र में रहने वाली बहन के गांव गई थीं। रात में रज्जन बिना कुछ बताए ही घर से निकल गए थे। बुधवार सुबह पांच बजे उनका शव जलालपुर गांव के सामने यूकेलिप्टस के पेड़ पर शर्ट के फंदे से लटका मिला। रज्जन की शादी आठ साल पहले कांती के साथ हुई थी। कांती के पति की मौत हो चुकी है और रज्जन से उसकी दूसरी शादी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र ने बताया कि खुदकुशी का मामला है। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।