हरदोई। गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गौराडांडा में हो रहे मेडिकल कालेज के निर्माण की गति अब और बढ़ जाएगी। मंगलवार को विधानसभा में पेश किए गए बजट में मेडिकल कालेज के निर्माण और उपकरणों की खरीद के लिए 91 करोड़ रुपये के बजट काश प्रावधान किया गया है।
गौराडांडा में मेडिकल कालेज के निर्माण का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तत्कालीन केंद्रीय चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में 26 फरवरी 2019 को भव्य समारोह में किया गया था। मेडिकल कालेज निर्माण की परियोजना 206 करोड़ 33 लाख 20 हजार रुपये की है। शासन ने शिलान्यास के समय ही 50 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया था। निर्माण कार्य कराने के लिए शासन से राजकीय निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था घोषित किया जा चुका है। निगम के जिम्मेदारों की देखरेख में पहले से ही निर्माण कार्य चल रहा है। मंगलवार को विधानसभा में पेश किए गए बजट में 91 करोड़ रुपये चालू वित्तीय वर्ष में और अवमुक्त करने की घोषणा की गई है। इससे मेडिकल कालेज के निर्माण में और तेजी आ जाएगी। इस मेडिकल कालेज का संचालन शुरू होने पर हर वर्ष एमबीबीएस की 100 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।
25 फरवरी 2021 तक पूरा करना है निर्माण, 65 करोड़ की और दरकार
मेडिकल कालेज का निर्माण 26 फरवरी 2019 को शिलान्यास के साथ ही शुरू हो गया था। कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों के मुताबिक 24 माह में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। इसके मुताबिक 25 फरवरी 2021 तक निर्माण कार्य पूरा होना है। मंगलवार को बजट में हरदोई मेडिकल कालेज के निर्माण के लिए भले ही 91 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन निर्धारित समय में निर्माण पूरा कराने के लिए अभी 65 करोड़ रुपये की दरकार और है। फिलहाल बजट के अभाव में कार्य रुका नहीं है, लेकिन तय समय में कार्य पूरा कराने के लिए चालू वित्तीय वर्ष में ही 65 करोड़ रुपये की आवश्यकता भी होगी।
आठ तल का होगा मेडिकल कालेज भवन
कार्यदायी संस्था से जुड़े सूत्र बताते हैं कि गौराडांडा में प्रस्तावित नवीन परिसर में आठ तल का मुख्य भवन होगा। इसमें प्रशासनिक भवन के अलावा लाइब्रेरी, लेक्चर हॉल, अकेडमिक और कैफेटेरिया का निर्माण होगा। इसके अलावा 120 छात्राओं के रहने के लिए गर्ल्स हास्टल और 180 छात्रों के लिए हास्टल का निर्माण होगा। दोनों इमारतें सात तल की होंगी। 50 लोगों के रहने के लिए एक इंटर्न हास्टल भी बनाया जाएगा। इसके अलावा नवीन परिसर में आवास भी बनेंगे।
पुराने परिसर में होगा टीचिंग हास्पिटल
जिला अस्पताल के पुराने परिसर में टीचिंग हास्पिटल बनाया जाएगा। छह मंजिला इमारत इसके लिए बनाई जाएगी। एक हास्टल ब्लॉक भी विकसित किया जाएगा। इसमें 48 लोगों की क्षमता वाला नर्सेज हास्टल, 31 लोगों की क्षमता वाला जूनियर रेजीडेंट हास्टल और इतनी ही क्षमता का एक सीनियर रेजीडेंट हास्टल भी बनाया जाएगा।
वर्जन
सदर सांसद जयप्रकाश ने मेडिकल कालेज के लिए 91 करोड़ रुपये का प्रावधान बजट में किए जाने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज का निर्माण समय से पूरा कराया जाएगा। सांसद ने बताया कि बजट के अभाव में प्रदेश सरकार निर्माण नहीं रुकने देगी।
गोपामऊ से भाजपा विधायक श्यामप्रकाश ने कहा कि मेडिकल कालेज का निर्माण समय से पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए विधायक ने कहा कि उनके क्षेत्र में मेडिकल कालेज का निर्माण हो रहा है और इसके लिए 91 करोड़ रुपये का बजट जारी होना महत्वपूर्ण है।