बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र के दुर्गागंज गांव में शनिवार देर रात मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने मजदूर के एक मकान के पास पेशाब करने से नाराज दो युवकों पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दुर्गागंज गांव निवासी मजदूर सुनील उर्फ पिंटू (35) शनिवार की देर शाम मजदूरी करके घर लौट रहा था। परिजनों के मुताबिक गांव में एक व्यक्ति के घर के पास वह पेशाब कर रहा था। आरोप है कि वहां दो युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में वह किसी तरह अपने घर के दरवाजे पर पहुंचा और बेहोश होकर गिर गया। जब तक परिजन उसे अस्पताल ले जाते उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने युवकों की पिटाई से मौत होने का आरोप लगाया है। सुनील अविवाहित था। वह दो भाइयों में छोटा था। कोतवाली प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि मजदूर की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।