पाली। नकटौरा नहर पटरी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर कीर्तियापुर मोड़ के पास पिकअप की टक्कर से बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार उसके जीजा और चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को पीएचसी फिर वहां से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से भाग गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के जैतापुर गांव निवासी परमेश्वर दीन (22) राजमिस्त्री थे। उनके भाई नीरज ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परमेश्वरदीन अपने जीजा शाहजहांपुर के अरुआथाना कांट निवासी हाकिम (38) और चचेरे भाई महावीर (40) के साथ बाइक से पाली बाजार गए थे। बाइक परमेश्वर दीन चला रहे थे। दोपहर करीब एक बजे तीनों बाजार से वापस लौट रहे थे। नकटौरा नहर पटरी मार्ग पर कीर्तियापुर मोड़ के पास आगे चल रहे पिकअप डाला को चालक ने मोड़ने का प्रयास किया।
इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि परमेश्वर दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हाकिम और महावीर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को पाली पीएचसी पहुंचाया। यहां से दोनों को हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के दौरान बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था। थाना प्रभारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। परमेश्वर दीन के परिवार में पत्नी काजल और चार वर्षीय बेटी है। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोड़ पर पिकअप से टकराई बाइक
स्थानीय लोगों के मुताबिक परमेश्वर दीन बाइक से जीजा और चचेरे भाई के साथ पाली से लौट रहे थे। उनके आगे पिकअप डाला चल रहा था। कीर्तियापुर मोड़ पर पिकअप चालक ने अचानक डाला मोड़ा, इसी दौरान बाइक उससे टकरा गई। हादसे में परमेश्वर दीन की जान चली गई।