पिहानी। कोरोना महामारी के दौरान राजकीय महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने शनिवार को महाविद्यालय में मास्क बैंक स्थापित किया है। मुख्य अतिथि समाजसेवी व विधायक प्रतिनिधि विपिन मिश्रा ने मास्क बैंक का शुभारंभ किया।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अशोक श्रोती एवं राज्य संपर्क अधिकारी डॉ. अंशुमालि शर्मा के निर्देशन में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई दो के तत्वावधान में 1000 मास्क रख बैंक की स्थापना की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विवेक तिवारी ने बताया कि महाविद्यालय में संचालित मास्क बैंक से जरूरतमंद अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं परीक्षार्थियों को नि:शुल्क मास्क वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक स्वनिर्मित मास्क तैयार कर उन्हें मास्क बैंक में जमा करते रहेंगे। इससे पहले भी एनएसएस इकाई दो स्वयंसेवियों द्वारा निर्मित मास्क वितरित कर चुकी है।