हरदोई। जिले में बिक रहे प्रतिष्ठित ब्रांड के पान मसाले में खतरनाक गैंबियर मिलाए जाने की पुष्टि जांच में हुई है। विभाग ने निर्माता कंपनी समेत दुकानदार व विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अभिहित अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित बैज के पान मसाला के विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन से संबंधित लोगों के खिलाफ वाद चलाने की अनुमति मांगी गई है।
कोरोना संक्रमण के कारण लॉकडाउन के दौरान सरकार ने पान मसाला की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था। 24 अप्रैल को अभिहित अधिकारी सतीश कुमार व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक की टीम ने सांडी तिराहा स्थित एक दुकान पर छापा मारकर पान मसाला की बिक्री पकड़ी थी। टीम ने बरामद माल को जब्त करने के साथ ही एक प्रतिष्ठित पान मसाला कंपनी के कुछ सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा था। मंगलवार को इसकी जांच रिपोर्ट आ गई है। इसमें पान मसाला में प्रतिबंधित गैंबियर की मिलावट की पुष्टि हुई है। खाद्य विभाग के अभिहित अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि कंपनी को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन को पत्र भेजकर कंपनी समेत दुकानदार व विक्रेता के खिलाफ कोर्ट में अभियोग चलानेे की अनुुमति मांगी गई है।
कत्थे की जगह मिलाया जाता, कैंसर का कारक
गैंबियर इंडोनेशिया में एक विशेष पेड़ की छाल, पत्तियों व जड़ों को पीसकर बनाया जाता है। इसका इस्तेमाल चमड़ा पकाने में किया जाता है, लेकिन कुछ पान मसाला कंपनियां कत्था महंगा होनेे के चलते इसका इस्तेमाल पान मसाला बनाने में करती हैं। जानकारों के मुताबिक गैंबिंयर कैंसर कारक है, इसका लगातार सेवन मुंह को सड़ा देता है, जिससे कैंसर जैसे रोग हो सकते हैं।