पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के मछेता गांव निवासी नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में शव फांसी पर लटकता मिला। सूचना मिलने पर आए मृतका के पिता ने पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मछेता मजरा अमिरता निवासी पिंकी (21) का शव रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों मेें घर के अंदर छप्पर में फांसी के फंदे पर लटकता मिला।
यह देख परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। सूचना मिलने के बाद अमिरता गांव निवासी पिता रामकुमार व अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए।
पिता रामकुमार ने बताया कि उसने अपनी बेटी पिंकी की शादी तीन माह पहले विनीत के साथ की थी। शादी में सामर्थ्य अनुसार दान दहेज भी दिया था।
बताया कि शादी के बाद से ही आरोपी पति व ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी को परेशान करने लगे। मामला संज्ञान में आने उसने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों पर कोई फर्क नहीं पड़ा।
बताया कि रविवार को पति विनीत व ससुराल के नत्थू, राजेश एवं श्रीकिशन ने उसकी बेटी की हत्या कर शव फांसी पर लटका दिया। सूचना मिलने के बाद कोतवाल ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।