मल्लावां (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के मोहल्ला बंदीपुर में संदिग्ध हालात मेें लगी आग से विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई। उसे बचाने के प्रयास में पति भी झुलस गया। लखनऊ ट्रामा सेंटर में विवाहिता की मौत हो गई।
कस्बे के मोहल्ला बंदीपुर निवासी बबली देवी (38) पत्नी दिनेश कुमार सोमवार शाम सात बजे घर में आग लगने से झुलस गई। उसे जलता देख पति दिनेश कुमार बचाने दौड़ा और किसी तरह आग बुझाई। इस दौरान दिनेश भी झुलस गया। परिजन बबली और दिनेश को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां पहुंचे। यहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन दिनेश को हरदोई जिला चिकित्सालय और बबली को ट्रामा सेंटर लखनऊ ले गए। लखनऊ में सोमवार देर रात बबली की मौत हो गई। मृतका के तीन बच्चे अनुष्का (18), सोनू (13) और तनुष्का (7) हैं। परिजनों ने बताया कि मृतका का मायका बारामऊ कोतवाली शहर कन्नौज में है।