संवाद न्यूज एजेंसी
बेहटा गोकुल। थाना क्षेत्र के डिघिया गांव में सोमवार रात संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे पर लटकता मिला। जानकारी पर पहुंचे मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर के आधार पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के डियया गांव निवासी अमित का विवाह पांच साल पहले मस्तीपुर खलीफा निवासी सुरेश की पुत्री प्रीती (27) के साथ हुआ था। अमित दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। सोमवार रात प्रीती का शव संदिग्ध हालात में मकान के अंदर रस्सी के फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी पति अमित के साथ ही प्रीती के पिता सुरेश को भी दी गई। मौके पर पहुंचे सुरेश ने ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाए।
उसका कहना था कि ससुरालीजन बाइक की मांग कर रहे थे। पूरी न होने पर प्रीती की हत्या कर शव लटका दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश यादव ने बताया कि सुरेश की तहरीर पर पति अमित, सास, जेठ मनोज, मनोज की पत्नी, कमल की पत्नी प्रीती और परिवार के ही अक्कू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।