बेहटागोकुल (हरदोई)। थाना क्षेत्र के पसिगवां स्थित मायके में विवाहिता ने रविवार रात किसी समय साड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सोमवार सुबह घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। विवाहिता पिछले दो माह से मायके में थी। सोमवार को पति उससे मिलने गांव आ रहा था।
पसिगवां निवासी गिरिंद पाल की पुत्री नीतू (29) की शादी करीब नौ साल पहले फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर निवासी सुबोध से हुई थी। सुबोध हरियाणा की एक धागा बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते हैं। पिछले दो माह से नीतू मायके में थी।
पिता ने बताया कि सोमवार को सुबोध पत्नी और दो बच्चों से मिलने के लिए हरियाणा से आ रहा था। बताया कि रात को सभी खाना खाकर सोने चले गए। सुबह जब उठे तो नीतू का शव छत के लिए लगी सीढ़ी में साड़ी के फंदे से लटका मिला। प्रभारी निरीक्षक मार्कंडेय सिंह ने बताया कि परिजन खुदकुशी की वजह नहीं बता पा रहे हैं। प्राथमिक जांच में मामला खुदकुशी का ही लग रहा है।