हरदोई। गंभीर हालत में विवाहिता को अस्पताल लेकर पहुंचे ससुरालीजनों को मौत हो जाने की जानकारी मिली तो शव लावारिस छोड़कर मौके से भाग गए। मृतका का भाई खोजते हुए अस्पताल पहुंचा तो घटना का पता चला। भाई ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव लटका देने का आरोेप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सुरसा थाना क्षेत्र के खजुरहरा के मजरा पंडितपुरवा निवासी मिथलेश उर्फ अमन की शादी 10 साल पहले देहात कोतवाली क्षेत्र मदारा मंगलीपुरवा निवासी रामनाथ की पुत्री रोली (30) के साथ हुई थी। रोली के भाई मुकेश के मुताबिक सोमवार रात उन्हें पंडितपुरवा निवासी एक शख्स ने फोनकर बताया कि बहन की हालत नाजुक है और लखनऊ रोड स्थित 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती हैं। इस पर वह अस्पताल पहुंचा, लेकिन रोली वहां भर्ती नहीं थीं। इसके बाद वह मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचा तो रोली का शव स्ट्रेचर पर पड़ा मिला। अस्पताल में पूछने पर पता चला कि कुछ लोग रोली को लेकर आए थे। उसे मृत घोषित कर दिया गया तो वह लोग भाग गए।
भाई का आरोप है कि ससुरालीजनों ने रोली को मारपीटकर फंदे से लटका दिया और इस कारण उसकी मौत हो गई। भाई और अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रोली को एक पुत्र नैतिक और एक पुत्री माही है। सुरसा के थानाध्यक्ष अनेक पाल सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।