हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के बर्रा सरॉय गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। पिता ने ससुरालीजनों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के बर्रा सरॉय निवासी विकास सिंह की शादी एक जून 2023 को लखीमपुर खीरी जनपद के मितौली थाना क्षेत्र के परसेरा गांव निवासी पृथ्वी पाल की पुत्री गरिमा देवी उर्फ शिवानी (23) के साथ हुई थी। पृथ्वी पाल के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह उन्हें गरिमा के ससुर भन्नू सिंह ने सूचना दी कि गरिमा की तबीयत खराब है।
इस पर उन्होंने अपने बड़े दामाद अजबापुर निवासी जगतपाल को मौके पर भेज दिया और खुद भी मौके पर जाने के लिए निकल लिया। इसी बीच बर्रा सरॉय पहुंचे जगतपाल के पास गरिमा के ससुरालीजनों ने मारपीट की। इसकी जानकारी पृथ्वीपाल ने पुलिस को दे दी।
पृथ्वी पाल ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए पिटाई कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।