कासिमपुर। थानाक्षेत्र के भीठी गांव में बुधवार देर रात संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की हालत बिगड़ गई। देवर सीएचसी बेहंदर ले गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सीएचसी प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज में पांच लाख रुपये और बाइक की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है औ्र तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
भीठी निवासी अनुज की शादी दो दिसंबर 2022 को उन्नाव के औरास थानाक्षेत्र अंतर्गत रामपुर खड़ंजी निवासी दिनेश दीक्षित की पुत्री अनामिका (20) के साथ हुई थी। बुधवार रात अनामिका की ससुराल में ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। देर रात लगभग 10 बजे मृतका के पिता समेत अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। रात लगभग 11 बजे मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। पिता दिनेश ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन दहेज में पांच लाख रुपये और बाइक की मांग कर रहे थे। इसी के चलते पीट-पीटकर अनामिका की हत्या कर दी और शव फंदे पर लटका दिया।
ससुरालीजनों का कहना है कि अनामिका ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने बारीकी से जांच की। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी आई। प्रभारी निरीक्षक विजयेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर में पति अनुज, देवर गोपाल और प्रांशू, इनके पिता दिनेश शुक्ला समेत छह लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। तहरीर के आधार पर इन सभी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।