हरदोई। ससुर से कहासुनी के बाद पचदेवरा थाना क्षेत्र के बंनैया गांव में सोमवार सुबह एक विवाहिता ने तेजाब पी लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन शाहजहांपुर के प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां कुछ देर इलाज चलने के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के बंनैया गांव निवासी राजकुमार खेती करते हैं। रामकुमार के मुताबिक, नौ साल पहले सांडी थाना क्षेत्र के छितरामऊ निवासी जोगराज की पुत्री पूनम (29) से उनकी शादी हुई थी। सोमवार सुबह उनके पिता रामकुमार ने उनकी पत्नी से कैंची मांगी। इस दौरान घरेलू बातों को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। पूनम ने शौचालय में जाकर वहां रखे तेजाब को पी लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन शाहजहांपुर के प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां उसका इलाज शुरु हुआ।
दोपहर में उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव गांव ले आए। परिजनों ने विवाहिता के मायकेवालों को सूचना दी। सांडी थाना क्षेत्र के छितरामऊ निवासी महिला के भाई अशोक ने शाम के समय पुलिस को सूचना दी। पूनम के परिवार में पति, दो पुत्री और एक पुत्र है। थानाध्यक्ष शिव नारायण सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।