शाहाबाद। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ककरघटा गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के भाई की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ककरघटा गांव निवासी सौरभ गुप्ता की शादी एक साल पहले शाहजहांपुर जनपद के आदर्श कालोनी रौजा निवासी छोटेलाल की पुत्री वंदना गुप्ता (22) के साथ हुई थी। ससुरालीजनों के मुताबिक शुक्रवार देर शाम वंदना अचानक चारपाई से गिर गईं। गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र शाहाबाद लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की जानकारी पर पहुंचे भाई प्रेमनारायण गुप्ता ने मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग करते हुए सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शाहाबाद कोतवाल राजदेेव मिश्रा ने बताया कि भाई ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।