कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर मुजफ्ता में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता को जलाकर मार दिया गया। शव छोड़कर ससुराल वाले भाग गए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही ससुराल वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अतरौली के गांव महगवां निवासी प्रकाश चंद के अनुसार उन्होंने अपनी बेटी निर्मला उर्फ निधि की शादी 17 मई 2019 को गांव रायपुर मुजफ्ता निवासी नीलम कुमार पुत्र वीरपाल सिंह के साथ की थी। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये की और मांग करते हुए उनकी बेटी को पीटकर प्रताड़ित कर रहे थे। रविवार को खबर मिली कि ससुराल वालों ने आग लगाकर निर्मला को मार डाला है।
बताया कि वह लोग रायपुर मुजफ्ता पहुंचे तो ससुराल वाले घर से फरार थे। वह जली हुई बेटी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर रितेश कुमार ने बताया कि मामले में पति, ससुर, सास सरवती, देवर दुर्गेश व ननद यज्ञ कुमारी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।