फोटो-08- पवन श्रीवास्तव। फाइल फोटो
हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के बाजपुर नकटौरा गांव निवासी विवाहित युवक ने प्रेमिका के शादी से इन्कार करने पर जहर खाकर जान दे दी। जहर खाने की जानकारी पत्नी को व्हाट्सएप पर दी। मौके पर पहुंची पत्नी और उसके भाई युवक को पहले सवायजपुर सीएचसी लेकर गए। चिकित्सकों ने तबीयत बिगड़ने पर युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इमरजेंसी में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक के परिजनों ने पत्नी पर जहर देने का आरोप लगाया है।
बाजपुर नकटौरा निवासी पवन श्रीवास्तव (27) चंडीगढ़ में पावर प्रेस फैक्टरी में काम करते थे वहीं अपनी पत्नी आशा श्रीवास्तव के साथ रहते थे। पत्नी ने बताया कि उनकी शादी पांच साल पहले हुई थी लेकिन कोई संतान नहीं थी। इस बीच उनका प्रेम-प्रसंग फैक्टरी में ही काम करने वाली बिहार निवासी राखी से चल रहा था। बीते 11 अप्रैल को वह उसे लेकर कमरे पर आए थे। वहां उसने दोनों को देख लिया। युवती के जाने के बाद उन दोनों में काफी मारपीट हुई।
इसके बाद वह उसी रात चंडीगढ़ से वापस हरदोई में बिलग्राम थाना क्षेत्र के जरौली नेवादा स्थित अपने मायके आ गई। बताया कि इस घटना के तीन दिन बाद पवन भी वापस आ गया। बुधवार दोपहर को उसने व्हाट्सएप पर जहर की फोटो मैसेज की और प्रेमिका के शादी से इन्कार करने पर जहर खाने की बात कही। आशा ने कहा यह जानकारी होते ही वह अपने भाई नारेंद्र को लेकर लोनार पुल के पास पहुंची लेकिन तब तक पवन ने जहर खा लिया था। वह उसे लेकर आनन फानन सवायजपुर सीएचसी गई वहां चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इमरजेंसी में इलाज के दौरान बुधवार रात को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम कराया।
युवक के भाई ने पत्नी पर लगाया आरोप
पवन अपने छह भाई चार बहनों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई पंकज ने बताया कि बुधवार को चंडीगढ़ से आने के बाद वह अपनी सुसराल जरौली नेवादा भी गया था। इसके बाद पवन की सास ने उन्हें वीडियो कॉल पर पंकज के जहर खाने और लोनार पुल के नीचे बैठे होने की बात कही। बताया कि वह लोग बाजपुर नकटौरा से जब तक लोनार पुल तक पहुंचे तब तक पवन की पत्नी आशा और उसके भाई वहां पहले से मौजूद थे और पवन जहर खा चुका था। पंकज ने आरोप लगाते हुए कहा कि पवन के साथ मारपीट भी की गई थी। लोनार थानाध्यक्ष राकेश यादव ने बताया कि परिजनों से प्रार्थना पत्र मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।