हरदोई। बैठकों में लगातार गैरहाजिर रहने पर पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करने के साथ ही हरदोई मंडी समिति के सचिव का वेतन रोक दिया है। सीएम डैश बोर्ड पर विभागों की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने तीन कार्यदायी एजेंसियों के अधिकारियों को आज (शुक्रवार को) तलब किया है। साथ ही इसके कम प्रगति व शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई पर पशुपालन, बेसिक शिक्षा, बिजली, आबकारी, मत्स्य, श्रम, कृषि व सिंचाई विभाग के अधिकारियों को प्रगति सुधारने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम डैश बोर्ड की समीक्षा की। उन्होंने मंडी समिति के सचिव अजय प्रताप सिंह की गैरहाजिरी पर नाराजगी जाहिर। इस पर डीएम एमपी सिंह ने वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। निर्माण की कम प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए सीडीओ ने यूपीपीसीएल, पैक्सफेड और यूपी सिडको के अधिकारियों को शुक्रवार को अपने कार्यालय में अद्यतन रिपोर्ट के साथ तलब किया है। कहा है कि विभागीय प्रगति कम होने से जनपद की स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने सीवीओ को अंडा उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। बीएसए को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण करें। मध्याह्न भोजन योजना, निपुण असेसमेंट व पीएम पोषण योजना की प्रगति बढ़ाई जाए। अधीक्षण अभियंता से कहा कि विद्युत आपूर्ति और शिकायतों के निस्तारण में और सुधार की आवश्यकता है। डीएफओ को निर्देश दिए कि पौधों की देखरेख पर ध्यान दिया जाए। आबकारी अधिकारी को राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। मत्स्य, सिंचाई, श्रम व पीडब्ल्यूडी, कृषि विभाग के अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की प्रगति पर ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि सुधार न होने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। बैठक में डीडीओ अरविंद कुमार, श्रम रोजगार उपायुक्त आरपी सिंह, डीएसटीओ डॉ. रामप्रकाश सहित अधिकारी मौजूद रहे।