बेहटा गोकुल। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर बेहटा गोकुल के पास सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना में ट्रैक्टर पर सवार दो लोग घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।
बेहटा गोकुल थानाक्षेत्र के राजापुरवा मजरा बेहटा धीरा निवासी राम मुरारी बुधवार शाम अपने ट्रैक्टर से गांव निवासी रामविलास (50) का गन्ना ट्राली में भरकर लोनी चीनी मिल ले गए थे। साथ में राम मुरारी का छोटा भाई बीरू (22) भी था। गन्ना उतारने के बाद तीनों ट्रैक्टर ट्राली से वापस गांव जा रहे थे। बेहटा गोकुल पेट्रोल पंप के पास देर रात लगभग डेढ़ बजे राममुरारी ने ट्रैक्टर रोक दिया और शौच करने चला गया। बीरू और राम विलास ट्रैक्टर पर ही बैठे रहे। इसी दौरान ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मारदी। घटना में रामविलास और बीरू गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में बीरू की मौत हो गई, जबकि राम विलास का इलाज चल रहा है। बीरू चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में पत्नी रंगोली और एक पुत्र है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश यादव ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।