- मार्ग के चौड़ीकरण के कारण बिजली लाइन के पास से काटे जा रहे हैं पेड़
- बिजली लाइनों पर कार्य होने के कारण शहर की आपूर्ति पर पड़ रहा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई । बिजली लाइन के आवश्यक मरम्मत व रख-रखाव कार्य के चलते मंगलवार को मन्नापुरवा स्थित टाउन द्वितीय फीडर से आपूर्ति दो घंटा ठप रही। मार्ग के चौड़ीकरण के कारण पेड़ों की कटाई और नई लाइन बनाने के लिए फीडर को बंद किया गया। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रों में भी लोकल फाल्ट व मरम्मत का कार्य होने के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई। इससे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर में ग्राम खेतुई से लखनऊ चुंगी तक मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। मार्ग के चौड़ीकरण के कारण इन दिनों पेड़ों के कटाने और बिजली लाइन को शिफ्ट करने का कार्य चल रहा है। मंगलवार को भी लखनऊ मार्ग पर वन विभाग की ओर से पेड़ काटने का कार्य किया गया। इसके साथ ही बिजली विभाग की ओर से नई बिजली लाइन को बनाने का कार्य भी दिया गया। इससे दोपहर 12 बजे से दो बजे तक मन्नापुरवा विद्युत उपकेंद्र की टाउन द्वितीय फीडर की आपूर्ति बाधित रही।
इससे मन्नापुरवा, नरेश नगर, धन्नूपुरवा, गंगा नगर कॉलोनी, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, इंदिरा नगर आदि क्षेत्रों की आपूर्ति प्रभावित रहीं। इसके अलावा सिटी व कोयल बाग उपकेंद्र की मेन लाइन बंद होने से उसको चरौली उपकेंद्र से जोड़ कर चलाया जा रहा है। इस कारण सिटी व कोयल बाग उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित रही। पूरे दिन बिजली की आवाजाही से लोग परेशान हुए। उपखंड अधिकारी प्रेम राज ने बताया कि बिजली लाइन पर काम होने के कारण आपूर्ति बंद करनी पड़ती है।
इंसेट
सुरसा उपकेंद्र की बंद रहेगी आपूर्ति
विद्युत उपकेंद्र पर पैनलों की टेस्टिंग के कारण बुधवार को 12 बजे से पांच बजे तक उपकेंद्र सुरसा से जुड़े क्षेत्र की आपूर्ति बाधित रहेगी। अवर अभियंता बाल किशन ने बताया कि उपकेंद्र पर काम होने के कारण आपूर्ति प्रभावित रहेगी। उपभोक्ता सहयोग करें।