हरदोई। राजकीय ऊसर कृषि प्रक्षेत्र जैदपुर में तैनात प्रक्षेत्र प्रबंधक को शासन ने निलंबित कर दिया है। उन्हें निलंबन अवधि में शासन से संबद्ध किया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए प्रमुख सचिव रविंद्र कुमार ने संयुक्त निदेशक कृषि को नामित किया है।
कृषि विभाग के राजकीय ऊसर सुधार के कृषि प्रक्षेत्र के जैदपुर और कासिमाबाद में फार्म हैं। वहां पर उन्नत प्रजाति के बीज का उत्पादन किया जाता है। इन फार्मों पर बीज और प्रक्षेत्र के अपर निदेशक का नियंत्रण होता है। जैदपुर के राजकीय ऊसर कृषि प्रक्षेत्र के प्रबंध पद पर तैनात रहे नत्थूलाल तैनात थे। काम में लापरवाही और विभागीय मंत्री व प्रमुख सचिव को फार्म के संबंध में सही-सही जानकारी नहीं दे पाए थे।
प्रमुख सचिव ने जानकारी देने के लिए समय भी दिया, लेकिन फिर जानकारी न दे पाने पर प्रमुख सचिव ने सोमवार शाम को नत्थूलाल को निलंबित कर दिया। नत्थूलाल ही कासिमाबाद फार्म के प्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे थे। प्रमुख सचिव ने कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक को जांच अधिकारी नामित किया है।