फोटो-23- विजय की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HARDOI
भरावन में ससुराल जा रहे बाइक सवार युवक की सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई।
संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अरसेलिया निवासी विजय (27) पुत्र नवमी लाल सोमवार को रक्षाबंधन पर पत्नी नीतू व बच्चों के साथ उसके मायके अतरौली के ग्राम नरा मदनापुर जा रहा था। रास्ते में विजय ने गोड़वा में पत्नी व बच्चों को बाइक से उतार दिया और मिठाई लाने की बात कहकर अतरौली चला गया। अतरौली जाते वक्त रास्ते में माल कोथावां मार्ग पर आलमपुर गांव के पास पीछे से आए वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
हेलमेट न लगाए होने के कारण हादसे में गंभीर रूप से घायल विजय की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, शिनाख्त न हो पाने के कारण पुलिस ने शव मोर्चरी भेज दिया। इधर पत्नी नीतू गोड़वा में बच्चों के साथ काफी देर तक बैठी रही, विजय के वापस न आने पर उसने गोड़वा के ही एक व्यक्ति के फोन से ससुर नवमीलाल को सूचना दी।
जिस पर ससुर व अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए और आसपास तलाश किया, लेकिन विजय का कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह पिता नवमीलाल व परिजन अतरौली थाने पहुंचे तो उन्हें रात में हुए हादसे की जानकारी हुई। पिता ने शव की शिनाख्त की। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बताया कि विजय खेती करता था।