बिलग्राम (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र में बिल्हौर कटरा मार्ग पर डीसीएम ने स्कूटी सवार मामा-भांजे को टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने के कारण दोनों की मौके पर मौत हो गई।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम डेढ़नि सरैया निवासी राहुल (26) पुत्र प्रकाश की मां का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सोमवार को राहुल अपने मामा बलदेव (60) के साथ स्कूटी से मां को देखने अस्पताल जा रहा था। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में बिल्हौर-कटरा मार्ग पर ग्राम रोशनपुर के पास सोमवार देर शाम डीसीएम ने स्कूटी में टक्कर मार दी। दोनों सिर के बल सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी बिलग्राम पहुंचाया। लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम गईं।