भाजपा नेता विनोद सिंह तोमर ने संघ के कार्यक्रम में
स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ लोगों में राष्ट्रभक्ति की
भावना पैदा करता है। जिस प्रकार हम अपने माता-पिता एवं घर-परिवार के लिए
कार्य करते हैं, उसी प्रकार हमें अपने देश के प्रति पूर्ण निष्ठा से
समर्पित होना चाहिए।
वह अतरौली क्षेत्र में स्थित जंगली शिव महादेव
मंदिर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। कहा कि जाति-पाति का भेदभाव
भूलकर प्रतिदिन कम से कम एक घंटे के लिए संघ की शाखा में समय देकर देश के
लिए अवश्य चिंतन करना चाहिए। हम सभी भारत मां के बेटे और भाई हैं। कोई छोटा
या बड़ा नहीं।
प्रांतीय प्रभारी रमेश ने कहा कि संघ ने समाज की सभी
विसंगतियों को त्याग कर भगवा ध्वज को अपना गुरु माना है और इस भगवा ध्वज की
रचना सृष्टि की संरचना के साथ हुई है। जिला प्रचारक ने क्षेत्र शाखा
विस्तार की रूपरेखा बनाई। कनिष्ठ जिला प्रचारक डा. देव ज्योति ने संघ के
इतिहास पर प्रकाश डाला। इस मौके पर प्रेमप्रकाश मिश्र, अश्वनी बाजपेई, संजय
सिंह, आदित्य, राजू आदि ने ध्वज पूजन कर दक्षिणा अर्पित की।