विकास भवन के स्वर्ण जयंती सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करतीं सीडीओ निधी गुप्ता वत्स। संवाद ?
- फोटो : HARDOI
सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने सोमवार को बीडीओ के साथ बैठक की। उन्होंने मनरेगा में मानव दिवस की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। कहा कि गोशालाओं में मवेशियों को सर्दी से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम करें।
विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि इसी माह मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जा रहे 49 आवासों का निर्माण पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के जिन लाभार्थियों को तीन किस्त दी जा चुकी हैं, उनका निर्माण भी इसी माह पूरा कराने का प्रयास करें।
सभी बीडीओ और मनरेगा उपायुक्त को निर्देश दिए हैं कि हर गांव में सचिवों और रोजगार सेवकों को सक्रिय कर मनरेगा के तहत कार्य कराएं। अधिक से अधिक जॉबकार्ड धारकों को कार्य दिलाया जाए। सीडीओ ने कहा कि गोशालाओं में मवेशियों को सर्दी से बचाने के लिए तिरपाल की व्यवस्था करें।
गोशालाओं में कोई घटना होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मनरेगा उपायुक्त प्रमोद सिंह चंद्रौल, ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक राजेंद्र श्रीवास भी मौजूद रहे।