हरदोई। मेनलाइन के ब्रेक डाउन में होने से शहर के दो उपकेंद्र छह घंटे तक बंद रहे। वहीं दो अन्य उपकेंद्रों की बिजली कई घंटें तक बाधित रही। इससे शहर के लोग भीषण गर्मी में परेशान रहे। शहर में हो रही अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है।
शहर में 12 विद्युत उपकेंद्रों से आपूर्ति की जाती हैॅ। इन उपकेंद्रों से 55 हजार बिजली उपभोक्ताओं को बिजली मिलती है। शहर के विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति 220 केवीए मन्नापुरवा उपकेंद्र से होती है। 220 केवीए मन्नापुरवा उपकेंद्र से दो- दो उपकेंद्रों की लाइन आई हुई है। इससे मेन लाइन में खराबी आने पर दो उपकेंद्र एक साथ बंद हो जाते हैं।
रविवार की सुबह दस बजे मेन लाइन में खराबी आने से 33 केवीए उपकेंद्र चरौली और आशा नगर की आपूर्ति बाधित हो गई। विभागीय कर्मचारी पेट्रोलिंग करते रहे। उसके बाद शाम चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इससे उन केंद्रों से जुड़े 16 हजार बिजली उपभोक्ता पूरे दिन बिजली न मिलने से परेशान रहे। वहीं विद्युत उपकेंद्र सांडी रोड की मेन लाइन रात साढ़े 11 बजे ब्रेक डाउन में चली गई। इससे सांडी रोड व गुरगुज्जा की आपूर्ति बाधित हो गई, जो डेढ़ घंटे बाद बहाल हो सकी। इससे 17 हजार उपभोक्ता परेशान हुए। वहीं विद्युत उपकेंद्र सिटी से जुड़े सिनेमा रोड फीडर का तार टूट जाने से आपूर्ति बाधित हो गई। जो शनिवार की रात दो घंटे बाद बहाल हो सकी। इससे क्षेत्र के पांच हजार उपभोक्ता भीषण गर्मी में परेशान हुए। इसके साथ रविवार को भी सिनेमा रोड फीडर की बिजली की पूरे दिन आवाजाही जारी रही। इससे लोगों को परेशानी हुई।
उपखंड अधिकारी आकाश वर्मा ने बताया कि मेन लाइन में ब्रेक डाउन से समस्या आ गई थी। जिसकी पेट्रोलिंग कराई गई थी। लाइन सही करा दी गई है।