हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत प्रगतिनगर मोहल्ला में बुधवार को पति के साथ मायके से लौटी महिला का शव सुबह कमरे में फंदे पर लटकता मिला। मृतका के भाई ने पति समेत तीन लोगों पर दूसरी शादी करने के कारण हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहादुरनगर निवासी मीना (35) की शादी देहात कोतवाली के मोहल्ला प्रगतिनगर निवासी मदन के साथ हुई थी। उसके दो पुत्र अभिषेक, राजू व एक पुत्री राधा हैं। मीना के भाई बृजेश ने बताया कि मदन दूसरी शादी करना चाहता है। इसकी भनक मीना को लगने पर वह विरोध कर रही थी। इसके चलते मीना कुछ दिन पूर्व नाराज होकर मायके चली गई। बुधवार को मदन उसे समझाकर वापस ले आया था। गुरुवार की सुबह मीना का शव घर के अंदर कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मृतका का भाई बृजेश अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गया। भाई का आरोप दूसरी शादी करने के लिए मृतका के पति ने दो रिश्तेदारों के साथ मिलकर बहन की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया। वहीं, घटना में मृतका का पति चुप्पी साधे है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि घटना में घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।