फोटो 48: संडीला में महावीर झंडा शोभायात्रा में छोटा चौराहा पर स्वागत करते मुस्लिम समाज के लोग।
संडीला। भादों मास के अंतिम मंगलवार को श्री महावीर जी का पौराणिक ओर ऐतिहासिक झंडा मेला नगर में धूमधाम से निकला। झंडा मेला कौमी एकता की मिसाल बना। मुस्लिम समाज के लोगों ने शोभायात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया।
जय श्री राम और हनुमान जी के जयकारों और ढोल-नगाड़ों और झांकियों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नगर की मुख्य गलियों से गुजरी शोभायात्रा से माहौल को भक्तिमय हो गया। झंडा मेले का आयोजन श्री महावीर जी झंडा मेला समिति की देखरेख में किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओ की भीड़ जुटने लगी और दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं का तांता लग गया। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत, सामाजिक संगठन और नगरवासी शामिल हुए। जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कमेटी के अध्यक्ष पूर्व चेयरमैन शैलेश अग्निहोत्री ने पत्नी मीनाक्षी अग्निहोत्री के साथ हवन-पूजन किया। झंडों का पूजन किया गया और इसके बाद झंडों की शोभायात्रा शुरू हुई।
शोभायात्रा शोराकोठी से मुरारेश्वर मंदिर आई। एक घंटा विश्राम के बाद यात्रा गल्लामंडी होते हुए रानीजी के शिवाला, छोटे चौराहा आई। यहां पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए झंडे एकत्रित किए गए और वापस श्री महावीर जी के मंदिर आई। छोटा चौराहा पर मुस्लिम समाज के लोगों ने यात्रा का फूल माला और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस मौके पर तीर्थराज सिंह, लोकेश सैनी, सुयस गुप्ता, अजय द्विवेदी, कैलास सोनी आदि बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। झंडा मेला में आईआर इंटर काॅलेज और सुघरदीन उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहम्मदपुर के स्काउट के छात्रों ने स्काउट मास्टर यशवंत सिंह, अनुराग अवस्थी के नेतृत्व में सेवाकार्य किया। जगह-जगह भंडारे हुए।
फोटो 48: संडीला में महावीर झंडा शोभायात्रा में छोटा चौराहा पर स्वागत करते मुस्लिम समाज के लोग।