बावन की लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बघौरामल में मंगलवार की रात शराब के नशे में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। एक पक्ष की ओर से 19 लोगों को नामजद करते हुए बलवा, मारपीट आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आठ लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है। गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बघौरामल निवासी आविद अली पुत्र अल्वी अली ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार की शाम को गांव के कुछ लोग एक बाग में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान नशे में धुत लोगों ने आविद को गाली गलौज करना शुरू कर दिया। इस पर आविद ने आपत्ति जताई तो अन्य लोग उसको मारने के लिए दौड़े तो वह मौके से बचकर अपने घर चला गया। आरोप है कि मंगलवार रात गांव निवासी 19 लोगों ने आविद के घर पर धावा बोल दिया। घर में मौजूद मिले आविद अली को पीटा तो उसने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर गांव के सलीम अली, तैयब अली, फिरोज अली व अन्य लोग मौके पर आ गए तो आरोपी गाली गलौज करते हुए भाग गए। आरोप है कि घर में घुसे लोगों ने तोड़फोड़ भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना में घायल आविद को जिला अस्पताल मेडिकल के लिए भेजा है।
लोनार कोतवाल राजेश कुमार राय ने बताया कि आविद की तहरीर पर 19 लोगों के विरुद्ध बलवा और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
शराब के नशे में विवाद हुआ था। आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूरे प्रकरण में अरविंद सिंह और कल्लू सिंह पुत्र गण नरवीर सिंह, सुधीर सिंह, सुनील सिंह और अमित सिंह पुत्र गण राजपाल सिंह, पंकज सिंह पुत्र जै सिंह, संदीप, प्रदीप पुत्र गण श्रीपाल सिंह, देशराज पुत्र श्याम सिंह, अजय और जितेंद्र पुत्र गण राजेंद्र सिंह, भीम उर्फ राघवेंद्र सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह, विश्वनाथ पुत्र केदार सिंह, दिनेश पुत्र चंद्रपाल सिंह, रामकुमार पुत्र कप्तान सिंह, अमित पुत्र सरवन, पवन पुत्र गया सिंह, नन्हक्कू पुत्र जया सिंह, बबलू पुत्र पुत्तू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हुई है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।