फोटो-02- एसपी ऑफिस में पहुंचे भाकियू भानूगुट के पदाधिकारियों व किसानों को समझाते शहर कोतवाल शैलें?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को किसान गोष्ठी के आयोजन सहित नौ सूत्री मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू गुट ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने के बाद एसपी कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं को कोतवाल ने ज्ञापन लेकर बाहर से ही लौट दिया।
शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को सौंपे गए नौ सूत्री ज्ञापन में जिलाध्यक्ष समर सिंह ने कहा कि ओलावृष्टि व बारिश से बर्बाद हुई फसलों का शीघ्र मुआवजा दिलाए जाए। हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर बावन व जगदीशपुर चौराहे पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है, इसे तत्काल रोका जाए। जिले में हर माह के तीसरे बुधवार को जनपद स्तर पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया जाए। सांडी ब्लाक के ग्राम आदमपुर का मजरा लड़ैतापुरवा में बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास सफाई करवाने की मांग भी की। उन्होंने नगर पालिका सांडी में पार्किंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली को बंद कराने, जगदीशपुर से शाहाबाद मार्ग पर चल रहे डग्गामार वाहनों को बंद कराने की भी मांग की। इसके बाद भाकियू कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। जहां मौजूद कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने उनसे ज्ञापन लेकर वापस कर दिया। इस मौके पर राजबेटी वर्मा, अजय कुमार गौतम, चेतराम राजपूत, राज बहादुर आदि शामिल रहे।