हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को ट्रैक्टर चालक से एक लाख रुपये लूटे जाने की घटना जांच में झूठी निकली। ट्रैक्टर चालक ने व्यापारी का रुपया हड़पने के लिए खुद ही लूट की अफवाह फैलाई थी। पुलिस ने चालक के पास से रुपये बरामद कर व्यापारी को सौंप दिए हैं। आरोपी को हिरासत में भी लिया गया है।
मंगलवार को नवीन गल्ला मंडी में व्यापारी अशोक सिंह ने बेहटा गोकुल निवासी संजीव से गेहूं का सौदा किया था। दोपहर बाद अशोक ने मलिहामऊ निवासी ट्रैक्टर चालक मुकेश व शिवम को एक लाख रुपये संजीव को देने के लिए उपलब्ध कराए थे और ट्रैक्टर ट्राली से गेहूं लाने को कहा था। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर ककवाही के पास मुकेश ने बाइक सवार दो युवकों द्वारा नगदी लूटे जाने की सूचना व्यापारी अशोक को दी थी। घटना का पता चलने पर पुलिस भी व्यापारी के साथ पहुंच गई थी। सीओ सिटी विजय कुमार राना ने मामले की जांच की तो घटना संदिग्ध लगी। सीओ ने मुकेश और शिवम से कड़ाई से पूछताछ की तो दोनों ने सच बता दिया। सीओ सिटी ने बताया कि व्यापारी के एक लाख रुपये हड़पने के लिए लूट की अफवाह फैलाई थी। चालक के पास से एक लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। दोनों आरोपियों को हिरासत में भी ले लिया गया है।