हरदोई। जनपद में रोडवेज बसों की सुविधा को बेहतर करने के लिए परिवहन निगम ने बसों के सुव्यवस्थित संचालन की दिशा में कदम बढ़ाने का फैसला लिया है। परिवहन निगम की योजना के अनुसार अब शहर में रोडवेज के दो बस टर्मिनल कर दिए जाएंगे। शहर के अंदर से स्थानीय बसों का संचालन किया जाएगा, लेकिन लंबी दूरी के लिए बसों का संचालन शहर के बाहर होगा। इससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी। यात्री सुविधाएं भी बढ़ाई जा सकेंगी।
जनपद परिवहन निगम का क्षेत्रीय कार्यालय भी है। इसमें हरदोई के साथ शाहजहांपुर, सीतापुर, कन्नौज, लखीमपुर और गोला डिपो भी संबद्ध है। बता दें, कि स्थानीय बस स्टेशन से संबंधित डिपो के अलावा लखनऊ, कानपुर, शाहजहांपुर, बरेली, फर्रुखाबाद समेत कई रूटों के लिए बसों का संचालन होता है। इसके अलावा दिल्ली, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, अजमेर, जयपुर, पलिया समेत कई रूटों पर बसें जाती हैं। बता दें कि जनपद से तीन सैकड़ा से अधिक बसों का संचालन रोज होता है और प्रतिदिन करीब 20 हजार यात्री सफर करते हैं। ऐसे में बस स्टेशन पर भी काफी भीड़ हो जाती है। इसको लेकर ही अब परिवहन निगम ने बस टर्मिनल को विभाजित करने का फैसला लिया। सीतापुर सड़क पर पांच एकड़ की भूमि पर नया बस टर्मिनल बनाया जाएगा। जिन पर लंबी दूरी का सफर करने वाली बसों का संचालन होगा। जबकि, पुराने बस स्टेशन से केवल स्थानीय और कम दूरी की बसें चलेंगी।
जाम की भी दूर होगी समस्या
अभी रोडवेज बस स्टेशन के पास काफी लंबा जाम लगता है। ऐसे में लोगों का निकल पाना तक संभव नहीं होता है। जबकि नया बस टर्मिनल बनने से तमाम बसें शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगी। इससे जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। साथ ही नया बस स्टेशन पर यात्रियों के बैठने के लिए आधुनिक वेटिंग हॉल, कैंटीन, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे यात्रियों का समय भी बचेगा।
बस अड्डे के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का काम तेजी से चल रहा है। स्थान तय होते ही शासन को प्रस्ताव भेजकर निर्माण प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और शहर का यातायात भी सुगम बना रहे। -रमेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक