हरदोई। हरदोई-सीतापुर मार्ग पर कोतवाली देहात क्षेत्र में इटौली गांव की मोड़ के पास अचानक ब्रेक लगाने से अनियंत्रित होकर लोडर पलट गया। इसमें चालक की मौत हो गई,जबकि अन्य कई लोग घायल हो गए। एक युवक के अधिक चोट होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया। कम चोट होने के कारण अन्य लोग घर चले गए।
टड़ियावां थाना के गोपामऊ कस्बा के मोहल्ला लालपीर निवासी मनोज उर्फ महेश ऊर्फ पप्पू (30) कस्बा में ही भारत गैस एजेंसी का लोडर चलाता है। बुधवार की देर रात में छोटा हाथी लेकर गोपामऊ जा रहा था। साथ में उसके एक युवक और था। रास्ते में जिंदपीर चौराहा से कुछ मजदूर भी छोटा हाथी में सवार हो लिए थे। रास्ते में कोतवाली देहात के इटौली गांव के पास अचानक सड़क पर मवेशी के आ जाने चालक ने ब्रेक लगाई।
इस पर छोटा हाथी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। इसमें सवार चालक मनोज की मौत हो गई। वही जिंदपीर चौराहा से सवार हुआ मजदूर टडि़यावा निवासी नरेश (45) घायल हो गया। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। नरेश ने बताया कि छोटा हाथी में टड़ियावां क्षेत्र के करीब एक दर्ज लोग सवार थे। कोतवाल राजवीर सिंह ने बताया अभी कोई तहरीर नही दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।