जिलाधिकारी रमेश मिश्र ने जल निगम के अधिशासी अभियंता
को नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के खराब एवं रिबोर होने वाले हैंडपंपों की
सूची दो दिन में उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि भीषण गर्मी को
देखते हुए खराब हैंडपंपों को ठीक कराकर चालू कराने की प्रक्रिया तत्काल
शुरू की जाए, ताकि लोगों के सामने पेयजल की समस्या न उत्पन्न हो।
वह
मंगलवार को तहसील दिवस पर बोल रहे थे। इस दौरान पीड़ितों की समस्यायें सुन
उनके निस्तारण के निर्देश भी दिए। डीएम ने कहा कि सभी ब्लाकों के खराब
ट्यूबवेलाें की सूची दो दिन में उपलब्ध कराएं तथा शासन के निर्देशानुसार
किसानों को सिंचाई सुविधा देने को खराब ट्यूबवेलों को शीघ्र ठीक कराया जाए।
इस कार्य में किसी प्रकार की समस्या होने पर उन्हें अवगत कराया जाए। डीएम
ने कहा कि प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम
से दिए गए निर्देशानुसार सभी टीचर अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों और
वार्डों में बीएलओ का कार्य मन लगाकर करेंगे और ग्राम पंचायत स्तर पर तैयार
की जा रही पुनरीक्षण नामावली एवं मतदाताओं की सूची तैयार कराने में
जिम्मेदारी पूर्वक अपना कार्य करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी अफसरों को यह
भी निर्देशित किया कि कोई भी अफसर बिना उनकी अनुमति के मुख्यालय नहीं
छोड़ेंगे और मुख्यालय पर रहकर अपने विभागीय कार्यों के साथ लंबित शिकायतों
का निस्तारण समय से करेंगे। उधर, तहसील दिवस में कुल 54 शिकायतें प्राप्त
हुईं, जिनमें चार शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
शेष
शिकायतों में राजस्व 18, पुलिस 12, विकास विभाग पांच, जल निगम चार, नलकूप
विभाग दो तथा अन्य विभागों की नौ शिकायतें प्राप्त हुईं। इस मौके पर एसपी
उमेश सिंह, सीडीओ विजय गुप्ता, अविनाश कुमार, एसडीएम सदर पप्पू गुप्ता,
तहसीलदार सदर नंद प्रकाश मौर्य आदि मौजूद थे।
उधर, संडीला में एसडीएम संजीव
सिंह ने तहसील दिवस में आए 74 फरियादियों की शिकायत सुनकर 17 का मौके पर
निस्तारण कराया। इस मौके पर तहसीलदार आशाराम वर्मा आदि मौजूद थे।