हरदोई। सीतापुर रोड इटौली तिराहा के निकट कोहरे के कारण पर एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर खड्ड में जा गिरी। इससे कार सवार शराब ठेकेदार की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। एक की हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया है, जबकि दूसरा अपने घर चला गया।
कोहरे के कारण यह सड़क हादसा कोतवाली टड़ियावां इलाके के सीतापुर रोड पर इटौली के पास हुआ। कार से कछौना कोतवाली क्षेत्र के टिकारी निवासी सुनील कुमार (44) पुत्र राजाराम अपने दोस्तों इस्तकीम (25) पुत्र रहीस निवासी उमरारी बेनीगंज, गोरे सिंह (30) और कमलेश (35) के साथ हरदोई आए थे।
वहां से देर रात सभी कार से हरदोई से बेनीगंज जा रहे थे। सुनील कुमार आबकारी विभाग के माध्यम से शराब के ठेकेदारी करते थे। इटौली पुलिस चेक पोस्ट के पास घने कोहरे के कारण कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और फिर खड्ड में जा गिरी। हादसे में सुनील की मौत हो गई, जबकि इस्तकीम को लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को गाड़ी से निकलवाया और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। कोतवाल नित्यानंद सिंह ने बताया पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुनील की फाइल फोटो- फोटो : HARDOI