हरियावां। दुकान में घरेलू कनेक्शन से बिजली चलाने पर काटा गया कनेक्शन दोबारा जोड़ लिया गया। इस पर आपत्ति जताने पर दुकानदार ने संविदा लाइनमैन को पीट दिया। पुलिस ने आरोपी दुकानदार का शांतिभंग में चालान कर दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बरगावां में 21 अगस्त को पिहानी के एसडीओ विशाल शर्मा के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया था। इस दौरान हरदाेई-पिहानी मार्ग पर स्थित श्रीराम की मिठाई की दुकान की भी जांच की गई थी। घरेलू कनेक्शन पर दुकान की बिजली चलाए जाने, स्वीकृत लोड से अधिक का उपयोग किए जाने और पुरानी बकायेदारी होने पर कनेक्शन काट दिया गया था। अगले दिन श्रीराम ने फिर से कनेक्शन जुड़वा लिया। इसकी जानकारी पर बरगावां फीडर पर तैनात लाइनमैन सत्यपाल शनिवार शाम श्रीराम को टोकने के लिए गया।
आरोप है कि श्रीराम ने अपने बेटों मनोज और खुशीराम के साथ मिलकर लाइनमैन की पिटाई कर दी। लाइनमैन ने इसकी जानकारी विभागीय उच्चाधिकारियों को देने के साथ ही देहात कोतवाली में तहरीर दी। देहात कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि मारपीट नहीं हुई है। आपस में गाली-गलौज हुई है। मनोज और खुशीराम के खिलाफ के शांतिभंग की कार्रवाई हुई है। हरियावां के अवर अभियंता अजय शर्मा ने बताया कि दोबारा बिजली कनेक्शन जोड़े जाने पर मारपीट हुई थी।