संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। राजकीय इंटर कालेज में मंगलवार को डीआईओएस के निरीक्षण के दौरान हालत में कोई सुधार नजर नहीं आया। विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई और शिक्षण कार्य में सुधार के निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद ने मंगलवार को अचानक राजकीय इंटर कालेज का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा में जाकर शिक्षण कार्य की जानकारी ली। विद्यालय में शैक्षिक स्तर निम्न मिला। विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी कम मिली। उन्होंने विद्यालय में डेढ़ घंटा रुक कर एक- एक कक्षा में जाकर मौजूद विद्यार्थियों से शिक्षण कार्य के विषय में जानकारी ली। अधिकांश बच्चे उनके प्रश्नों के जवाब नहीं दे सके।
विद्यालय में शैक्षिक स्तर में कोई सुधार नहीं मिला। इससे पूर्व भी जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षकों को दिशा- निर्देश दिए थे, मगर उसका अनुपालन नजर नहीं आया। उन्होंने नाराजगी जताई और विद्यालय में शैक्षिक स्तर को बेहतर करने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय का लगातार निरीक्षण और उसकी मानीटरिंग की जाएगी। विद्यालय में जो भी शिक्षक तैनात हैं, अपने विषय के प्रति जिम्मेदार होंगें।
विद्यालय समय में कोचिंग पर होगी कार्रवाई
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान पता चला कि अधिकांश बच्चे विद्यालय समय में संचालित कोचिंग चले जाते हैं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि जो भी कोचिंग विद्यालय समय में संचालित हो रही हैं, उनकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी और उनका पंजीकरण निरस्त कर जुर्माना लगाया जाएगा।