हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के गहिरई गांव निवासी पत्नी को विदा कराने गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। हादसे की सूचना ग्राम प्रधान ने मृतक के परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है।
थाना बघौली के हुसेनपुर निवासी राम सिंह (27) कानपुर में मजदूरी करता था। गुरुवार को देर शाम वह कानपुर से बघौली चौराहा आया था। यहां से वह ससुर महिपाल निवासी गहिरई थाना सुरसा के यहां गया था।
पिता राजेंद्र के मुताबिक आठ बजे गहिरई के प्रधान अशोक ने उसको फोन किया और कहा कि जल्द से जल्द आ जाएं। कारण पूछने पर बताया कि उसके पुत्र की हालत गंभीर है। राजेंद्र गांव के कुछ अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचेे तो घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी थी और राम सिंह का शव जमीन पर रखा था।
उनका कहना है कि पत्नी संगीता ने छह माह पहले एक पुत्र को जन्म दिया था। इसके बाद होली से कुछ दिन पहले वह मायके गई थी। वह संगीता को विदा कराने गया था, लेकिन वह ससुराल आने को राजी नहीं थी। इस को लेकर विवाद हुआ था।
इस पर महिपाल व अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। मारपीट में गंभीर रूप से चोटिल होने के कारण उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों क ो सौंप दिया। मृतक के पिता ने ससुराली जनों पर हत्या का आरोप लगाया है। खबर लिखे जाने तक इस संबंध में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।