सांडी। संदिग्ध हालात में वेल्डिंग मिस्त्री का शव मिलने का मामला तूल पकड़ गया है। परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को विरोध जताया। शव का अंतिम संस्कार भी नहीं किया।
विज्ञापन
छितरामऊ निवासी जितेंद्र (30) वेल्डिंग मिस्त्री थे। वह जलपीपुर में किराए के मकान में रहते थे। बुधवार की रात वह ट्राली में वेल्डिंग करने के लिए जाने की बात फोन पर पत्नी रुचि को बताकर गए थे। उनका शव बृहस्पतिवार सुबह घटकना निवासी श्याम बिहारी दीक्षित के खेत में पड़ा मिला। शव झुलसा हुआ था। मृतक के भाई अरविंद ने जितेंद्र की हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर घर पहुंचे परिजन फिर से पोस्टमार्टम कराने की मांग करने लगे। जानकारी पर सीओ बिलग्राम राम सूरत सोनकर मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद भी परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया।