संवाद न्यूज एजेंसी
बेनीगंज। राजस्व अभिलेखों में राज्यपाल के नाम दर्ज भूमि को भी लोगों ने कब्जा कर रखा था। लोगों ने मूंगफली की फसल बो रखी थी। तहसील संडीला की राजस्व टीम ने कोतवाली पुलिस फोर्स के साथ ट्रैक्टर से फसल को जुतवाकर भूमि को कब्जामुक्त करा लिया। बुधवार को हुई कार्रवाई से कब्जेदारों में खलबली रही।
विकास खंड कोथावां के झरोइया के मजरा सुखईपुरवा में राज्यपाल के नाम पर दर्ज 28 बीघा जमीन को टीम ने कब्जा मुक्त कराया। इस भूमि पर गांव की ही संगीता, मनोज, नंदकिशोर व राजू आदि ने कब्जा कर मूंगफली बो रखी थी। सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत भारतीय किसान मजदूर यूनियन दशहरी के तहसील अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह व पदाधिकारियों ने की थी।
उन्होंने भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। तहसील संडीला प्रशासन ने कानूनगो जाकिर हुसैन, लेखपाल विशाल अस्थाना बेनीगंज पुलिस को लेकर गांव पहुंचे। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर 28 बीघा भूमि को ट्रैक्टर से जुतवाकर कब्जा मुक्त करा लिया गया है। कब्जेदारों के विरूद्ध कार्रवाई के लिए रिपोर्ट दी जाएगी।